Home हिन्दी साहित्य का इतिहास हिन्दी साहित्य का इतिहास दर्शन और साहित्य के विकास के प्रमुख बिन्दु

हिन्दी साहित्य का इतिहास दर्शन और साहित्य के विकास के प्रमुख बिन्दु

by Sushant Sunyani

इतिहास का अध्ययन मानव सभ्यता के विकास को समझने की एक वैज्ञानिक और तर्कसंगत विधा है। ‘हिस्ट्री’ (History) शब्द का सर्वप्रथम प्रयोग यूनानी विद्वान हेरोडोटस (456-445 ई.पू.) ने किया। उन्होंने इतिहास के चार प्रमुख लक्षण निर्धारित किए:

  1. वैज्ञानिक दृष्टिकोण – इतिहास की पद्धति आलोचनात्मक होती है और प्रमाणों पर आधारित रहती है।
  2. मानवीय संबंध – यह मानव जाति से जुड़ा हुआ विषय है, इसलिए इसे मानवीय विधा कहा जाता है।
  3. तर्कसंगतता – इतिहास के निष्कर्ष प्रमाणों और तथ्यों पर आधारित होते हैं।
  4. शिक्षाप्रद तत्व – इतिहास, अतीत के अनुभवों से भविष्य की दिशा तय करने में सहायक होता है।

हिन्दी साहित्य का इतिहास और दर्शन

मनुष्य स्वयं इतिहास का निर्माता है, और उसकी मूल प्रवृत्तियाँ समय के साथ बदलती नहीं हैं, बल्कि विभिन्न युगों में समान रूप से परिलक्षित होती हैं। इसी आधार पर विको ने मानव समाज के विकास को तीन युगों में विभाजित किया: देव युग, वीर युग, और मानव युग।

प्रसिद्ध दार्शनिक इमैनुएल काण्ट (1724-1804 ई.) ने कहा कि “प्राकृतिक इतिहास और मानव इतिहास एक-दूसरे के समानांतर चलते हैं। बाहरी प्रगति, आंतरिक शक्तियों की ही अभिव्यक्ति होती है।”

हीगल (1770-1831 ई.) ने काण्ट के विचारों को आगे बढ़ाते हुए यह सिद्ध किया कि इतिहास मात्र घटनाओं का संकलन नहीं है, बल्कि इसमें कारण और प्रभाव की एक श्रृंखला मौजूद रहती है। इतिहासकार का कार्य केवल घटनाओं को दर्ज करना नहीं, बल्कि उनके पीछे की आंतरिक प्रवृत्तियों का विश्लेषण करना भी होता है।

इतिहास के विविध दृष्टिकोण

भिन्न-भिन्न विद्वानों ने इतिहास को अलग-अलग दृष्टिकोण से परिभाषित किया:

  • चार्ल्स डार्विन का विकासवाद, जीव सृष्टि की क्रियाओं पर आधारित है।
  • हर्बर्ट स्पेंसर का सिद्धांत, भौतिक पिंडों के संघटन और विघटन की प्रक्रियाओं को समझाने पर केंद्रित है।
  • कार्ल मार्क्स ने इतिहास को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ते हुए वर्ग संघर्ष के रूप में प्रस्तुत किया।
  • हेनरी वर्गेस का सिद्धांत मुख्य रूप से मानसिक प्रक्रियाओं पर आधारित है।

प्रसिद्ध इतिहासकार हेरोडोटस ने इतिहास को भौतिकवादी दृष्टि से देखा और निष्कर्ष निकाला कि “हर सत्ता अपने उत्कर्ष के चरम पर पहुँचने के बाद अपकर्ष की ओर अग्रसर हो जाती है।”

हिन्दी साहित्य का इतिहास

विकास प्रक्रियाओं के आधार पर ही साहित्य की विकास प्रक्रिया को समझा जा सकता है। पाश्चात्य साहित्य के क्षेत्र में अनेक विद्वानों ने साहित्य की विकास प्रक्रिया के सम्बन्ध में कुछ सामान्य सिद्धान्तों की स्थापना का प्रयास किया है जिसमें सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण सिद्धान्त तेन महोदय (फ्रेंच इतिहासकार) का है।

तेन महोदय ने साहित्य के विकास की व्याख्या के तीन आधारभूत सूत्र बताए हैं- जाति, वातावरण, क्षण।

तेन का मानना था कि ये तीनों सूत्र जातीय परम्परा राष्ट्रीय वातावरण तथा समय विशेष की परिस्थितियों के सूचक हैं। अतः साहित्य के इतिहास को समझने के लिए इन तीनों को समझना अति आवश्यक है।

कुछ जर्मन इतिहासकारों ने केवल युग चेतना को साहित्य विकास का आधार माना है, वहीं कुछ अंग्रेज विचारक परम्परा को महत्त्व देते हैं। हडसन महोदय ने युग चेतना व परम्परा दोनों का समन्वय करते हुए साहित्यकार के विशिष्ट व्यक्तित्व को भी विकास का आधार बताया। मार्क्सवादी चिन्तक व्यक्ति के स्थान पर समाज की आर्थिक परिस्थितियों एवं वर्ग संघर्ष के आधार पर साहित्य की व्याख्या करते हैं। फ्रायडवादी विचारक केवल मानसिक अन्तर्द्वन्द्व को ही साहित्य विकास का मूल कारण मानते हैं। आई ए रिचर्ड्स जैसे विद्वानों ने काव्य के शैली पक्ष की व्याख्या मनोवैज्ञानिक एवं अर्थ विज्ञान के आधार पर की हैं।

कार्लाइल महोदय की मान्यता है कि किसी राष्ट्र के काव्य का इतिहास वहाँ के धर्म, राजनीति व विज्ञान के इतिहास का सार होता है। काव्य के इतिहास में लेखक को राष्ट्र के उच्चतम लक्ष्य उसकी क्रमागत दिशा और विकास को देखना अत्यन्त आवश्यक है। इससे राष्ट्र का निर्माण होता है।

उपरोक्त सिद्धान्तों को देखने से पता चलता है कि बहुसंख्यक विद्वानों ने परम्परा, वातावरण व द्वन्द्व पर ही अधिक बल दिया है तथा शेष दो तत्त्वों की उपेक्षा की गई है। कुछ विद्वानों ने द्वन्द्व को स्वीकारा है, परन्तु जहाँ द्वन्द्व है वहाँ सन्तुलन होना भी स्वाभाविक है क्योंकि प्रत्येक प्रकार के द्वन्द्व का अन्तिम लक्ष्य सन्तुलन स्थापित करना ही होता है। वस्तुतः विकास की प्रक्रिया इनमें से किसी एक सूत्र पर आधारित नहीं हो सकती है।

साहित्य के विकास के प्रमुख बिन्दु

साहित्य के विकास के लिए हमें निम्नलिखित पाँच बिन्दुओं को स्वीकार करना आवश्यक है

प्राकृतिक सृजन शक्ति

साहित्य के विकास में सर्वाधिक योगदान प्राकृतिक सर्जन शक्ति का रहता है जो व्यक्ति के माध्यम से कार्य करती है। प्राचीन व अर्वाचीन साहित्य शास्त्रियों ने इस विशेष शक्ति को प्रतिभा, सर्जन क्षमता, कल्पना शक्ति, सहानुभूति आदि नामों से पुकारा है। सभी वर्ग के चिन्तक साहित्यकार में एक विशेष शक्ति का अस्तित्व अवश्य मानते हैं।

वस्तुतः साहित्य का सृजन एक विशिष्ट शक्ति के द्वारा होता है; जो विभिन्न व्यक्तियों को विभिन्न मात्रा में नैसर्गिक रूप में प्राप्त होती है। साहित्यकार की सृजन क्षमता विचारों, भावों, अनुभूतियों, संस्कारों आदि का सहयोग प्राप्त करती है तथा विचार, भाव, अनुभूति आदि की क्षमता भी उसे प्रकृति से ही प्राप्त होती है। इन्हीं क्षमताओं को समन्वित रूप से मानसिक शक्ति नाम दे देते हैं।

परम्परा

साहित्य के विकास की प्रक्रिया का दूसरा मूल तत्त्व परम्परा है। कोई भी साहित्यकार अपनी अपार सृजन क्षमता के होते हुए भी परम्परा से कुछ-न-कुछ ग्रहण किए बिना साहित्य के विकास में योगदान नहीं दे सकता।

साहित्यकार अनेक परम्पराओं को न अपनाकार अपनी रुचि, संस्कार, परिस्थिति इत्यादि के आधार पर किसी परम्परा को अपनाते हैं। साहित्यकार किसी भी युग अथवा देश की परम्परा को अपना सकता है। वस्तुतः हमें परम्पराओं का अध्ययन करते समय साहित्यकार की उपरोक्त सभी प्रवृत्तियों को ध्यान में रखना चाहिए।

वातावरण

विकास प्रक्रिया का तीसरा चरण वातावरण है। साहित्य की दृष्टि से वातावरण के चार पक्ष निर्धारित किए जा सकते हैं

1. युग विशेष की सामान्य परिस्थितियाँ

2. साहित्यकार की विशेष परिस्थितियाँ

3. साहित्यकार के आश्रयदाताओं या पाठकों की रुचि व प्रवृत्ति

4. विशिष्ट रचना से सम्बन्धित विशेष प्रेरणास्रोत

कोई भी साहित्यकार अपने युग के वातावरण, पाठकों या आश्रयदाताओं की रुचि, प्रवृत्तियों एवं विभिन्न प्रेरणा स्रोतों से कम या अधिक मात्रा में प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता। वस्तुतः इन सबका सम्मिलित प्रभाव ही साहित्यकार की सृजन शक्ति के उद्दीपन, पोषण एवं संरक्षण का कार्य करना है। वातावरण की उपेक्षा करने वाला साहित्यकार अपनी पूर्ण क्षमता विकसित करने में असफल रहता है।

द्वन्द्व

विकास प्रक्रिया में योगदान देने वाला चौथा तत्त्व ‘द्वन्द्व’ है। द्वन्द्व दो वस्तुओं के पारस्परिक आकर्षण व प्रतिकर्षण के कारण होता है। विकास के क्षेत्र में सृजन शक्ति द्वन्द्व से ही प्रेरित होकर सक्रिय होती है। साहित्यकार की भी सृजनशक्ति किसी-न-किसी प्रकार के द्वन्द्व से प्रेरित होकर परम्परा व वातावरण के सहयोग से कार्य करती है।

द्वन्द्व भौतिक, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक या मानसिक किसी भी प्रकार का हो सकता है। द्वन्द्व जितना तेज होगा साहित्य के विकास की परम्परा उतनी ही तीव्र होगी।

सन्तुलन

साहित्य के विकास प्रक्रिया का पाँचवाँ तत्त्व सन्तुलन या सामंजस्य है। यह सन्तुलन द्वन्द्व की ही चरम परिणति का सूचक है। लक्ष्य की पूर्ति होने पर द्वन्द्व स्वतः समाप्त हो जाता है। इस स्थिति को सन्तुलन नाम दिया गया है।

इस प्रकार साहित्य की किसी भी कृति, प्रवृत्ति, धारा, परम्परा के विकास को स्पष्ट करने के लिए उपरोक्त पाँचों तत्त्वों का होना अनिवार्य है। इन्हीं पाँचों तत्त्वों को ध्यान में रखकर रचनाकार के व्यक्ति वैशिष्ट्य, आधारभूत परम्परागत तत्त्वों, तद्युगीन वातावरण तथा प्रेरक द्वन्द्व व सन्तुलन की स्थितियों पर विचार करना चाहिए अन्यथा हमारे निष्कर्ष एकांगी अथवा एक पक्षीय हो सकते हैं।

अतः स्पष्ट है कि इतिहासकार कृति मूल्यांकन युगीन प्रवृत्तियों के सन्दर्भ में करता है। आलोचना में हम मूल्यांकन पर बल देते हैं परन्तु इतिहास में युगीन प्रवृत्तियों के सापेक्ष साहित्य के विश्लेषण पर।

Read More : हिन्दी के आदिकालीन साहित्य की प्रमुख प्रवृत्तियों का विवेचन करते हुए इस काल के नामकरण की चर्चा कीजिए ।

Related Articles

Leave a Comment

About Us

eGyanPith.com is a trusted history blog created by Sushant Sunyani, a B.A. in History graduate. Our mission is to share well-researched articles on Indian and world history, great personalities, ancient civilizations, and cultural heritage to educate and inspire readers.

@2024 – All Right Reserved. Designed and Developed by Egyanpith